बीकानेर। रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए डाक विभाग ने बहनों के लिए विशेष पहल की है। इस बार बीकानेर मंडल के सभी डाकघरों में विशेष वाटरप्रूफ राखी लिफाफे और राखी बॉक्स उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि बारिश के मौसम में भी राखी सुरक्षित रूप से भाइयों तक पहुंच सके। बीकानेरस्थानीय व्यापार
डाक विभाग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, रक्षाबंधन के दौरान राखी की बुकिंग, पंजीकरण और वितरण के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। प्रत्येक डाकघर में अतिरिक्त काउंटर संचालित किए जाएंगे, जिससे बहनों को समय पर राखी भेजने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। वाटरप्रूफ लिफाफों के कारण डाक के दौरान बारिश से राखी को नुकसान होने की आशंका भी नहीं रहेगी।
डाक विभाग ने इस वर्ष विदेशों में रहने वाले भाइयों तक भी कम खर्च में राखी पहुंचाने की सुविधा दी है। अंतरराष्ट्रीय ट्रैक पैकेट सेवा के तहत 30 से अधिक देशों में रियायती दरों पर राखी भेजी जा सकेगी। विभाग के अनुसार, थाईलैंड सहित कई देशों में करीब ₹185 तथा अमेरिका में लगभग ₹400 में राखी भेजी जा सकती है। इस सेवा में ट्रैकिंग, वाटरप्रूफ पैकिंग और स्पीड पोस्ट जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी।
विभाग ने बताया कि छोटे (11×22 सेमी) और बड़े (15×26 सेमी) वाटरप्रूफ लिफाफों के अलावा 150×260×52 मिमी आकार का विशेष राखी बॉक्स भी उपलब्ध है। इसमें राखी के साथ मिठाई, ड्राई फ्रूट, चॉकलेट और अन्य उपहार भी सुरक्षित रूप से भेजे जा सकते हैं।
गौरतलब है कि इस वर्ष रक्षाबंधन 28 अगस्त 2026 को मनाया जाएगा। ऐसे में डाक विभाग ने बहनों से अपील की है कि वे समय रहते अपनी राखी बुक कराएं, ताकि वह निर्धारित समय पर सुरक्षित रूप से अपने भाइयों तक पहुंच सके।























