बीकानेर। जिले के लूणकरणसर कस्बे में रेलवे फाटक के पास स्थित एक ई-मित्र केंद्र पर चोरी की वारदात सामने आई है। आरोप है कि कुछ युवक दुकान में घुसे और गल्ले से नकदी व आधार कार्ड चोरी कर फरार हो गए। विरोध करने पर एक आरोपी दुकानदार को धक्का देकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार भवानीशंकर (26) पुत्र सतपाल निवासी वार्ड संख्या 39, लूणकरणसर, अपनी ई-मित्र दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान आरजे-21-सीसी-1236 नंबर की एक कार दुकान के बाहर आकर रुकी। कार से कमलेश नाथ, जयपाल, राजू, अय्यूब सहित चार-पांच युवक नीचे उतरे। आरोप है कि इनमें से एक युवक को दुकान के अंदर भेजा गया।
कुछ देर बाद दुकान के भीतर से आवाज आने पर भवानीशंकर अंदर पहुंचे तो गल्ला खुला हुआ मिला। आरोप है कि इसी दौरान कमलेश नाथ ने उन्हें धक्का दिया और सभी आरोपी कार में बैठकर मौके से फरार हो गए।
परिवादी ने बताया कि गल्ले से 10 हजार रुपए नकद और उसका आधार कार्ड गायब मिला। पुलिस ने कमलेश नाथ, जयपाल, राजू, अय्यूब तथा अन्य चार-पांच युवकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(ए) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।























