बीकानेर। महाजन थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने का मामला सामने आया है। एक महिला ने अपने ही दामाद पर अमानत के तौर पर दिए गए तीन लाख रुपये और सोने के आभूषण हड़पने का आरोप लगाते हुए पुलिस में मामला दर्ज कराया है। पुलिस के अनुसार परिवादिया भगवानी पत्नी जगदीश बावरी, निवासी ग्राम चक जोहड़, तहसील लूणकरणसर ने रिपोर्ट दी कि उसके दामाद सुभाष पुत्र राजू बावरी, निवासी ठुकराणा, हाल चक 2 एमएनडब्ल्यूएम, तहसील सूरतगढ़ ने विश्वास में लेकर उससे 3 लाख रुपये नकद और सोने के आभूषण अमानत के रूप में लिए थे।
परिवादिया का आरोप है कि जब उसने कई बार अपनी रकम और जेवर वापस मांगे तो आरोपी ने देने से इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, आरोपी उसके घर पहुंचा और उसके व परिवार के सदस्यों के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए अश्लील गालियां दीं। महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी ने पारिवारिक और विश्वास के संबंधों का गलत फायदा उठाकर उसके साथ धोखाधड़ी की है। महाजन थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 318(4), 316(2), 352 एवं 351(2)(3) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।






















