बीकानेर। शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित लक्ष्मीनाथ जी घाटी के नीचे सोमवार को आपसी विवाद के चलते एक युवक की हत्या कर दी गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई, जबकि आरोपी वारदात के बाद मौके से फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गुलजार बस्ती निवासी 35 वर्षीय शाबिर की आपसी कहासुनी के दौरान हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि घटनास्थल के ठीक सामने रहने वाले मोहम्मद हुसैन उर्फ बाबू ने अपने घर के सामने ही शाबिर पर हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि मृतक और आरोपी दोनों नशे के आदी थे तथा अक्सर साथ उठते-बैठते थे। किसी बात को लेकर हुए विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया और मामला हत्या तक पहुंच गया।
घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली थाना अधिकारी सविता पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।





















