राजस्थान में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ने से अधिकांश क्षेत्रों में अपेक्षित बारिश नहीं हो सकी है। बारिश नहीं होने से उमस और गर्मी बढ़ गई है तथा लोग राहत की बारिश का इंतजार कर रहे हैं। हालांकि अब मौसम विभाग ने प्रदेश में एक बार फिर मानसून के सक्रिय होने के संकेत दिए हैं। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, पहले पूर्वी राजस्थान और उसके बाद पश्चिमी राजस्थान में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। रविवार को प्रदेश के 15 जिलों में आंधी और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
पिछले 24 घंटों के दौरान दौसा जिले के बसवा में सबसे अधिक 32 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा अलवर, धौलपुर, बूंदी और कोटा के कुछ इलाकों में भी हल्की बारिश हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वी भारत के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र अब कमजोर होकर चक्रवाती परिसंचरण तंत्र में बदल गया है। वहीं, मानसून ट्रफ लाइन अमृतसर, करनाल और रांची से होकर गुजर रही है, जिसके प्रभाव से राजस्थान में बारिश की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है।
इन जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने जयपुर, कोटपुतली-बहरोड़, दौसा, अलवर, खैरथल-तिजारा, डीग, भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर, टोंक, बूंदी, कोटा, बारां और झालावाड़ जिलों में आंधी और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और आंधी-तूफान के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।






















