बीकानेर: जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन नीलकंठ के तहत नापासर थाना पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ लगातार दो दिनों में दो बड़ी कार्रवाई कर क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है। नव नियुक्त थानाधिकारी कविता पुनिया ने कार्यभार ग्रहण करने के चौथे और पांचवें दिन ही ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए कुल 125 ग्राम एमडी (मादक पदार्थ) और 208 ग्राम अफीम का दूध बरामद कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। लगातार हुई इन कार्रवाइयों से नशा कारोबारियों में पुलिस का खौफ साफ दिखाई देने लगा है।
थानाधिकारी कविता पुनिया ने बताया कि गुरुवार रात राष्ट्रीय राजमार्ग-11 स्थित गुसाईसर के कृष्णा होटल पर सूचना के आधार पर दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान रामचंद्र, बीशनाराम और शिवकरण को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से 98 ग्राम एमडी और 208 ग्राम अफीम का दूध बरामद हुआ। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर तीनों से पूछताछ शुरू की,
इसके अगले ही दिन शुक्रवार रात पुलिस टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग-11 स्थित थार एक्सोटिका होटल के सामने स्कूटी सवार मुकेश पुत्र मांगीलाल बिश्नोई (23) निवासी बज्जू खालसा को रोककर तलाशी ली। उसके कब्जे से 30 ग्राम एमडी बरामद होने पर उसे भी एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस आरोपी से मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त और नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।
थानाधिकारी कविता पुनिया ने कहा कि ऑपरेशन नीलकंठ के तहत नशे का कारोबार करने वालों और युवाओं को नशे की लत लगाने वाले सौदागरों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि “क्षेत्र में नशा बेचने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
इन दोनों सफल कार्रवाइयों में थानाधिकारी कविता पुनिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई। पहली कार्रवाई में कांस्टेबल प्रदीप कुमार की विशेष भूमिका रही, जबकि दूसरी कार्रवाई को सफल बनाने में कांस्टेबल गोरखाराम ने अहम योगदान दिया। टीम में कांस्टेबल गोगराज, विजयपाल और विक्रम सिंह भी शामिल रहे। लगातार दो दिनों में हुई इन बड़ी कार्रवाइयों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि नापासर थाना पुलिस अब नशा तस्करों के खिलाफ पूरी तरह एक्शन मोड में है।



















