नापासर। बीकानेर पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में नापासर थाना पुलिस ने पोक्सो एक्ट के एक मामले में फरार चल रहे पांच हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। नव नियुक्त थानाधिकारी कविता पुनिया ने कार्यभार ग्रहण करते ही अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान शुरू किया और पहली बड़ी कार्रवाई में यह सफलता मिली। पुलिस ने गुमानाराम पुत्र पेमाराम नायक (24), निवासी गुसाईसर, थाना नापासर को गिरफ्तार किया। आरोपी पुलिस थाना नापासर के मुकदमा पोक्सो एक्ट के तहत दर्ज प्रकरण में लंबे समय से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर जिला पुलिस अधीक्षक द्वारा पांच हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने आरोपी को पकड़कर कोर्ट में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। थानाधिकारी कविता पुनिया ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और फरार आरोपियों को हर हाल में गिरफ्तार किया जाएगा।



















