बीकानेर। बीकानेर में 37 लाख रुपए की संपत्ति को लेकर कथित फर्जी वसीयत तैयार कर कब्जा करने के प्रयास का मामला सामने आया है। एसीजेएम-2 न्यायालय के आदेश पर सदर थाना पुलिस ने महिला सहित छह नामजद और अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार श्रीगंगानगर के पदमपुर निवासी सुरेन्द्र कुमार ने इस्तगासा पेश कर आरोप लगाया कि उन्होंने अपने साथी राधेश्याम के साथ चौतीना कुआं स्थित 715 वर्गफीट की संपत्ति 7 मार्च 2025 को 37 लाख रुपए में पंजीकृत विक्रय पत्र के जरिए खरीदी थी। यह संपत्ति उन्हें पुष्पा देवी से मिली थी, जिन्हें उनके पति स्वर्गीय मुरली मनोहर पांडे की पंजीकृत वसीयत के आधार पर स्वामित्व प्राप्त हुआ था।परिवादी का आरोप है कि बाद में मंजू पांडे ने उसी संपत्ति पर दावा करते हुए अदालत में नौ मार्च 2007 की कथित वसीयत पेश की, जो फर्जी और कूटरचित है। शिकायत में कहा गया है कि उक्त वसीयत न तो पंजीकृत है और न ही उसकी मूल प्रति न्यायालय में पेश की गई। आरोप है कि संपत्ति हड़पने की नीयत से फर्जी दस्तावेज तैयार कर उसका इस्तेमाल किया गया।परिवादी ने यह भी बताया कि इस संबंध में पहले सदर थाना और पुलिस अधीक्षक को शिकायत दी गई थी, लेकिन मामला दर्ज नहीं होने पर न्यायालय की शरण लेनी पड़ी।



















