बीकानेर। बीछवाल थाना क्षेत्र में रिश्तेदार द्वारा उधार लिए गए 7.80 लाख रुपये वापस नहीं लौटाने और धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी, और षड्यंत्र का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार इंद्रा कॉलोनी निवासी नरपत सिंह पुत्र सोहन सिंह ने न्यायालय में इस्तगासा पेश किया था। इस्तगासे के आधार पर बीछवाल थाने में मामला दर्ज किया गया है।परिवादी ने रिपोर्ट में बताया कि उसके पिता स्व. सोहन सिंह ने अपने रिश्तेदार महेन्द्र सिंह पुत्र देवी सिंह निवासी इंद्रा कॉलोनी, बीकानेर हाल कोटासर, श्रीडूंगरगढ़ को 1 नवंबर 2021 को कृषि कार्य और घरेलू जरूरतों के लिए 7 लाख 80 हजार रुपये उधार दिए थे। इस संबंध में आरोपी ने स्टाम्प पर लिखित इकरारनामा कर गवाहों की मौजूदगी में राशि तीन वर्ष में लौटाने की बात कही थी।रिपोर्ट में आरोप लगाया गया कि तय समय निकलने के बाद भी आरोपी ने रुपये वापस नहीं किए और बार-बार समय मांगकर टालता रहा। परिवादी के पिता की जून 2024 में मृत्यु के बाद नरपत सिंह ने भी कई बार राशि लौटाने के लिए कहा, लेकिन भुगतान नहीं किया गया।परिवादी ने आरोप लगाया कि आरोपी ने जिस कृषि भूमि के लिए राशि ली थी, उसे बेच दिया। इस पर रुपये वापस मांगने पर आरोपी ने कथित रूप से गाली-गलौच और धक्का-मुक्की की तथा रुपये हड़प करने की बात कही।रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि मामले को लेकर परिवादी ने पहले बीछवाल थाना और बाद में पुलिस अधीक्षक बीकानेर को शिकायत दी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर न्यायालय में इस्तगासा पेश किया गया।न्यायालय के आदेश पर बीछवाल थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एएसआई संपत सिंह को सौंपी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



















