बीकानेर। जामसर थाना क्षेत्र में शराब ठेके पर हिसाब-किताब को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। ठेके के एक पार्टनर एवं सेल्समैन ने साथी कर्मचारी और उसके रिश्तेदारों पर मारपीट कर 10 हजार रुपए छीनने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है। पुलिस के अनुसार लक्ष्मण सिंह पुत्र हजारी सिंह राजपूत निवासी पलाना, हाल सेल्समैन एवं पार्टनर, शराब ठेका जामसर ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में बताया कि 6 जुलाई की रात ठेका बंद होने के बाद वह हिसाब-किताब का मिलान कर रहा था। इसी दौरान उसके साथ मौजूद लालम सिंह निवासी कानासर ने पुरानी रंजिश के चलते उसके सिर पर थाली से हमला कर दिया और नीचे गिराकर हाथ-पैर मरोड़ दिए, जिससे उसके सिर, हाथ और कमर में चोटें आईं। प्रार्थी का आरोप है कि इसके बाद लालम सिंह के रिश्तेदार, जो ठेके पर ही काम करते हैं, उन्होंने भी उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि लालम सिंह उसकी जेब से हिसाब के 10 हजार रुपए निकालकर ले गया और जाते समय धमकी दी कि यदि आगे से ठेके का हिसाब किया तो जान से मार देंगे। पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच कार्यवाहक थानाधिकारी उम्मेद सिंह को सौंपी गई है।



















