बीकानेर, 7 जुलाई। राज्य सरकार के निर्देशों की अनुपालना में जिले से देश-विदेश में निवासरत प्रवासी राजस्थानियों (एनआरआर) के साथ निरंतर संपर्क स्थापित करने, उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान, निवेश को प्रोत्साहन तथा सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला स्तर पर जिला प्रवासी प्रकोष्ठ का गठन किया गया है।
जिला कलक्टर निशांत जैन ने आदेश जारी कर अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) को प्रकोष्ठ का नोडल अधिकारी तथा जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र के महाप्रबंधक को सहायक नोडल अधिकारी एवं सदस्य सचिव बनाया है। इसके अलावा जिला परिषद, बीकानेर विकास प्राधिकरण, नगर निगम, समाज कल्याण विभाग, शिक्षा विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग तथा रोजगार विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों को प्रकोष्ठ का सदस्य नामित किया गया है।
जिला कलक्टर ने बताया कि प्रकोष्ठ का मुख्य उद्देश्य जिले से जुड़े प्रवासी राजस्थानियों के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित करना, उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना तथा जिले के विकास में उनकी सहभागिता को बढ़ावा देना है। इसके माध्यम से प्रवासी राजस्थानियों के निवेश प्रस्तावों, सामाजिक विकास कार्यों तथा स्थानीय विकास से जुड़े प्रयासों को भी गति मिलेगी।
आदेश के अनुसार जिला प्रवासी प्रकोष्ठ द्वारा जिले का एनआरआर (Non-Resident Rajasthanis) डेटाबेस तैयार किया जाएगा, जिसमें जिले से देश-विदेश में निवासरत प्रवासियों का विवरण नियमित रूप से अद्यतन रखा जाएगा। साथ ही प्रवासी राजस्थानियों, स्वयंसेवी संस्थाओं एवं सीएसआर के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, खेल तथा अन्य सामाजिक विकास कार्यों का समन्वय भी किया जाएगा।
ज़िला कलेक्टर ने बताया कि प्रकोष्ठ प्रवासी राजस्थानियों के साथ नियमित संवाद एवं सम्मेलन आयोजित करेगा, जिससे जिले के विकास से जुड़े सुझाव प्राप्त किए जा सकें। इसके अतिरिक्त विभिन्न माध्यमों से प्राप्त शिकायतों एवं स्थानीय मुद्दों का संबंधित विभागों के समन्वय से त्वरित निस्तारण भी सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक माह की 5 तारीख तक प्रकोष्ठ की गतिविधियों एवं प्रगति की रिपोर्ट राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रवासी राजस्थानियों कार्य विभाग (डीओआरए) मुख्यालय को प्रेषित की जाएगी। जिला कलक्टर ने सभी नामित अधिकारियों को निर्धारित कार्यों का गंभीरता एवं समयबद्धता के साथ निर्वहन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।



















