बीकानेर। श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र के आड़सर बास इलाके से एक विवाहिता अपनी छह वर्षीय बेटी के साथ संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। काफी तलाश के बावजूद दोनों का कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने पुलिस थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई है। पुलिस के अनुसार आड़सर बास निवासी संतोष देवी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनका बेटा अपनी पत्नी और बच्चों के साथ अलग मकान में रहता है। 2 जुलाई की दोपहर करीब 4 बजे जब वह बेटे के घर पहुंचीं तो पुत्रवधू और छह वर्षीय पोती घर पर नहीं मिलीं।
परिजनों ने आसपास के क्षेत्र, बहू के पीहर तथा रिश्तेदारों के यहां काफी तलाश की, लेकिन दोनों का कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद संतोष देवी ने श्रीडूंगरगढ़ थाने पहुंचकर बहू और पोती की तलाश करने की गुहार लगाई। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रकरण की जांच एएसआई आवड़दान को सौंपी गई है। पुलिस दोनों की तलाश में जुटी हुई है।



















