बीकानेर। देशनोक थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 21 स्थित सोनारों के बास में दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। बेखौफ चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। जानकारी के अनुसार पीड़िता कमला देवी पत्नी स्व. पूनमचंद सोनी 13 सितंबर को सुबह करीब 10 बजे घर पर ताला लगाकर सत्संग कथा में शामिल होने गई थीं। शाम करीब 5 बजे परिवार वापस लौटा तो घर के अंदर के कमरे खुले मिले। चोरों ने घर में रखी चाबी से तिजोरी खोलकर उसमें रखे जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
477 ग्राम सोना, 700 ग्राम चांदी और नकदी चोरी
पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार चोर 477 ग्राम सोने के आभूषण, जिनमें रखड़ी, टीका, कानों की जोड़ी, नेकलेस, चूड़ी, पाटला, चैन, मूर्ति, अंगूठी, चंद्रहार और मटरिया शामिल हैं, ले गए। इसके अलावा करीब 700 ग्राम पुरानी चांदी, पायल और 40 हजार रुपये नकद भी चोरी होने की बात सामने आई है। पीड़िता की रिपोर्ट पर देशनोक पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने घटनास्थल की जांच के साथ चोरों की तलाश शुरू कर दी है।




















