पुगल। पुगल थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंपों पर चोरी की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आई हैं। अलग-अलग स्थानों पर हुई इन दोनों वारदातों में अज्ञात चोर कुल 1 लाख 48 हजार 790 रुपए की नकदी चोरी कर ले गए। दोनों मामलों में पेट्रोल पंप संचालकों की रिपोर्ट पर पुलिस ने अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहली वारदात लिखित खालिया पेट्रोल पंप पर हुई। पुलिस को दी रिपोर्ट में जीआर खालिया फिलिंग स्टेशन, पुगल के मैनेजर गोविंदराम पुत्र धन्नाराम जाट निवासी खाजूवाला ने बताया कि 11 सितंबर की रात करीब 2 बजे अज्ञात चोर पेट्रोल पंप के ऑफिस में घुसा। आरोप है कि चोर ऑफिस का ताला तोडक़र अंदर रखी 61,790 रुपए की नकदी चोरी कर ले गया। घटना का पता चलने के बाद मैनेजर ने पुलिस को सूचना दी।
वहीं दूसरी घटना 682 आरडी स्थित पेट्रोल पंप पर हुई। आरिफ खान पुत्र बागअली निवासी मिर्जेवाला, श्रीगंगानगर ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि 11 सितंबर की रात करीब 12 बजे से सुबह 6 बजे के बीच अज्ञात चोर पेट्रोल पंप पर पहुंचा और गल्ले से 87 हजार रुपए चोरी कर ले गया। सुबह घटना की जानकारी होने पर पुलिस को सूचना दी गई।
दोनों घटनाएं अलग-अलग स्थानों पर हुई हैं और दोनों मामलों में अज्ञात चोरों के खिलाफ अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पुलिस अब दोनों घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। दोनों मामलों की जांच हेड कांस्टेबल सरजीत सिंह द्वारा की जा रही है। पुलिस चोरी की नकदी और आरोपियों की पहचान के प्रयास में जुटी है।




















