बीकानेर. दो दिवसीय दौरे पर बीकानेर आए उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने बीकानेर, देशनोक एवं लालगढ़ स्टेशनों का निरीक्षण किया। महाप्रबंधक ने बीकानेर रेलवे स्टेशन से देशनोक स्टेशन तक ट्रेक का फुट प्लेट निरीक्षण किया। स्टेशन पर चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली तथा निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस दौरान यार्ड रीमॉडलिंग एवं हैंडलिंग क्षमता में वृद्धि से संबंधित योजनाओं की भी समीक्षा की गई। महाप्रबंधक ने इन परियोजनाओं से परिचालन क्षमता में होने वाली वृद्धि तथा भविष्य की योजनाओं की जानकारी ली।
प्रेसवार्ता के दौरान महाप्रबंधक ने कहा कि स्टेशन तो ट्रांसफर नहीं हो सकता है। पुराने स्टेशन सिटी सेंटर होते है। बीते दिनों मंत्री ने समस्या के स्थाई समाधान के निर्देश दिए थे। इसके बाद राज्य सरकार के अधिकारियों से बातचीत कर प्लान तैयार किया गया था। इसके तहत सांखला फाटक पर पीडब्ल्यूडी आरयूबी बना रहा है। इसके बाद फाटक बंद हो जाएगा। इसके साथ-साथ फाटक के स्थान पर रेलवे सबवे बना रहा है। वहीं कोटगेट पर पहले सिंगल बॉक्स आरयूबी का प्लान तैयार किया था। लेकिन उससे पूरा ट्रैफिक निकल पाना संभव नहीं था। इसके बाद पूरा रिव्यू किया गया, अब रेलवे वहां पर डबल बॉक्स का आरयूबी बना रहा है। कार्य स्वीकृत कर दिया गया है।



















