नगर निकाय आम चुनाव-2026 के तहत बीकानेर में गुरुवार को लोकसूचना जारी होने के साथ ही प्रत्याशियों के नामांकन पत्र प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। नामांकन की प्रक्रिया 31 अगस्त तक चलेगी। इसके बाद 1 सितंबर को नामांकन पत्रों की संवीक्षा होगी, जबकि प्रत्याशी 3 सितंबर को दोपहर 3 बजे तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। इसके बाद 4 सितंबर को चुनाव चिन्हों का आवंटन किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार नामांकन पत्र सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक ही स्वीकार किए जाएंगे। 28 अगस्त को रक्षाबंधन और 30 अगस्त को रविवार का सार्वजनिक अवकाश होने के कारण इन दोनों दिनों में नामांकन जमा नहीं होंगे।
बीकानेर नगर निगम के 80 वार्डों के लिए अलग-अलग नामांकन केंद्र निर्धारित किए गए हैं। वार्ड 1 से 20 के प्रत्याशी अतिरिक्त जिला कलेक्टर (शहर) कार्यालय, वार्ड 21 से 35 बीकानेर विकास प्राधिकरण के नए भवन, वार्ड 36 से 50 बीकानेर विकास प्राधिकरण के पुराने भवन, वार्ड 51 से 65 तहसील कार्यालय बीकानेर और वार्ड 66 से 80 के प्रत्याशी सहायक कलेक्टर (शहर) कार्यालय में नामांकन जमा कर सकेंगे।
इसके अलावा जिले की सात नगर पालिकाओं के लिए भी नामांकन केंद्र निर्धारित किए गए हैं। नोखा में वार्ड 1 से 25 के लिए SDM कार्यालय और वार्ड 26 से 45 के लिए तहसील कार्यालय, श्रीडूंगरगढ़ में वार्ड 1 से 20 के लिए SDM कार्यालय और वार्ड 21 से 40 के लिए तहसील कार्यालय, जबकि लूणकरणसर में वार्ड 1 से 20 के लिए SDM कार्यालय और वार्ड 21 से 35 के लिए तहसील कार्यालय निर्धारित किया गया है। देशनोक और नापासर में संबंधित नगर पालिका कार्यालय तथा खाजूवाला में उपखंड कार्यालय को नामांकन केंद्र बनाया गया है।
लोकसूचना जारी होने के साथ ही बीकानेर में नगर निकाय चुनाव की प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू हो जाएगी। अब संभावित प्रत्याशियों और राजनीतिक दलों की नजरें नामांकन प्रक्रिया के साथ टिकट वितरण और चुनावी समीकरणों पर रहेंगी।




















