बीकानेर। महाजन थाना पुलिस ने न्यायालय के निर्देश पर भूमि विवाद, मारपीट और आपराधिक कृत्यों के आरोप में 10 नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है। थानाधिकारी ने बताया कि वार्ड नंबर 7 महाजन निवासी ने न्यायालय के माध्यम से एक परिवाद प्रस्तुत किया था। परिवादी ने आरोप लगाया है कि उसके आवासीय प्लॉट पर कब्जा करने का प्रयास किया गया, सरकारी रास्ते को अवरुद्ध किया गया और आए दिन विवाद व मारपीट कर उसे परेशान किया जाता है।
न्यायालय के आदेश के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। इस एफआईआर में 10 लोगों को नामजद किया गया है। मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण की निष्पक्ष जांच की जाएगी और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।




















