बीकानेर। शहर में बदमाशों के हौसले इस कदर हो गये कि अब तो दिन रात कभी भी कोई घटना घटित हो सकती है। ऐसा ही एक मामला रविवार को आधी रात को घटित हुआ। मिली जानकारी के अनुसार व्यास कॉलोनी थाना क्षेत्र में देर रात एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सीधे एक मकान में जा घुसी। कार ने पहले घर का मुख्य दरवाजा तोड़ा और फिर अंदर खड़े अन्य वाहनों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें तेज रफ्तार कार का खौफनाक मंजर साफ दिखाई दे रहा है। हादसे के बाद इलाके में हडक़ंप मच गया और आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया। गनीमत रही कि घटना के समय कोई जनहानि नहीं हुई।
सूचना मिलने पर व्यास कॉलोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यह है कि कार चालक की लापरवाही हादसे की वजह बनी या फिर वह नशे की हालत में वाहन चला रहा था। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।




















