बीकानेर। नयाशहर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की बैंक डायरी का कथित रूप से दुरुपयोग कर ऑनलाइन गेमिंग और सट्टे से जुड़ी राशि का लेनदेन करने का मामला सामने आया है। परिवादी की शिकायत पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार श्रीरामसर निवासी श्रवण कुमार नायक ने लिखित रिपोर्ट देकर आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसकी बैंक डायरी प्राप्त कर उसका इस्तेमाल ऑनलाइन गेमिंग और सट्टे की राशि के लेनदेन के लिए किया। परिवादी ने मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने रवि मोदी पुत्र लक्ष्मीनारायण मोदी, निवासी चौतीना कुआं, बीकानेर और तेजु पुत्र लक्ष्मण, निवासी लेघाबाड़ी, बीकानेर के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने प्रकरण की जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान संबंधित बैंक खाते, लेनदेन और दस्तावेजों की जानकारी जुटाई जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर ही आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।
मामले की जांच थानाधिकारी सुरजीत कुमार पूनिया के निर्देशन में की जा रही है।























