श्रीडूंगरगढ़ में ट्रोमा सेंटर की मांग को लेकर एक बार फिर विरोध तेज हो गया है। क्षेत्र के युवा कांग्रेस नेता हरिराम बाना ने सरकार और प्रशासन पर क्षेत्र की जनता की चिकित्सा सुविधाओं को लेकर गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए आज युवाओं से चक्काजाम का आह्वान किया है। बाना ने कहा कि 5 अगस्त को ट्रोमा सेंटर की मांग को लेकर हुए विरोध प्रदर्शन में हजारों लोगों की मौजूदगी में प्रशासन ने कई मांगों को लेकर आश्वासन दिए थे, लेकिन नौ दिन बीत जाने के बावजूद उन पर अमल नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल की सोनोग्राफी मशीन अभी तक ठीक नहीं करवाई गई है। वहीं अस्पताल में लगाए गए वेंटिलेटर के रेगुलेटर तक उपलब्ध नहीं हैं। बाना ने ऑन-कॉल डॉक्टरों की व्यवस्था पर भी सवाल उठाए हैं।
बाना के अनुसार, तैनात चिकित्सकों में से एक चिकित्सा प्रभारी हैं, जो नियमित बैठकों और वीडियो कॉन्फ्रेंस में व्यस्त रहते हैं। दूसरे चिकित्सक को लेकर उन्होंने स्वास्थ्य संबंधी परेशानी का दावा किया, जबकि तीसरे चिकित्सक के श्रीडूंगरगढ़ में नियमित रूप से उपलब्ध नहीं रहने का आरोप लगाया।
आरोप लगाया कि श्रीडूंगरगढ़ के दो चिकित्सकों को राजनीतिक पहुंच के चलते बीकानेर डेपुटेशन पर लगाया गया है और प्रशासन उन्हें वापस श्रीडूंगरगढ़ लाने में भी नाकाम रहा है। युवा कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रशासन की ओर से केवल आश्वासन देकर युवाओं को गुमराह किया गया है। इसी के विरोध में आज पूरे क्षेत्र के युवाओं से चक्काजाम का आह्वान किया गया है। उन्होंने कहा कि विरोध प्रदर्शन के जरिए सरकार तक यह संदेश पहुंचाया जाएगा कि क्षेत्र की जनता अब अपनी चिकित्सा सुविधाओं और ट्रोमा सेंटर की मांग को लेकर जागरूक हो चुकी है।
























