बीकानेर। अस्पताल में उपचार के लिए पहुंचे व्यक्ति की जेब से नगदी और दस्तावेज पार हो गए। मिली जानकारी के अनुसार नोखा उपखंड के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल मांगीलाल बागड़ी अस्पताल में उपचार के लिए पहुंचे एक व्यक्ति की जेब से अज्ञात व्यक्ति ने 3800 रुपए नकद और जरूरी दस्तावेज पार कर लिए। पीडि़त ने नोखा थाने में रिपोर्ट देकर मामले की जांच की मांग की है। वार्ड नंबर-2 निवासी महावीर ब्राह्मण उपचार के लिए मांगीलाल बागड़ी अस्पताल पहुंचे थे। वे अस्पताल में पर्ची कटवाने के लिए लाइन में खड़े थे। इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी जेब से पर्स निकाल लिया। पर्स में 3800 रुपए नकद और जरूरी दस्तावेज रखे हुए थे। पीडि़त ने घटना में एक महिला के शामिल होने का संदेह भी जताया है।
महावीर अस्पताल से बाजार में दवाई और अन्य जरूरी सामान लेने पहुंचे। वहां जेब में हाथ डालने पर उन्हें पर्स गायब होने का पता चला। इसके बाद वे वापस अस्पताल पहुंचे और आसपास पर्स की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बाद में उन्होंने नोखा थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज करवाई। नोखा उपखंड मुख्यालय का सबसे बड़ा सरकारी अस्पताल मांगीलाल बागड़ी अस्पताल भवन में संचालित हो रहा है। अस्पताल परिसर में सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और सुरक्षा गार्ड भी तैनात किए गए हैं। इसके बावजूद भीड़भाड़ वाले अस्पताल परिसर में जेबकटी की घटना सामने आने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।



















