बीकानेर। माल्टा में नौकरी दिलाने और वर्क परमिट उपलब्ध कराने का झांसा देकर करीब छह लाख रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। परिवादी की ओर से पुलिस में कार्रवाई नहीं होने पर न्यायालय के इस्तगासे के आधार पर जेएनवीसी थाना पुलिस ने जयपुर स्थित एक वीजा सर्विस कंपनी के तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार, जसरासर निवासी एवं वर्तमान में तिलक नगर निवासी मनोज कुमार ने रिपोर्ट में बताया कि वह फर्नीचर का कारीगर है। सितंबर 2025 में उसने सोशल मीडिया पर डायमंड वीजा सर्विस, जयपुर का विज्ञापन देखा, जिसमें यूरोपीय देश माल्टा में अच्छी सैलरी पर नौकरी दिलाने का दावा किया गया था।रिपोर्ट के अनुसार, 25 सितंबर 2025 को वह जयपुर स्थित कंपनी के कार्यालय पहुंचा, जहां कंपनी के कर्मचारियों गोगराज, अजयपाल सिंह और संचालक मुकेश जांगू ने उसे माल्टा में नौकरी, वर्क परमिट और वीजा दिलाने का भरोसा दिया। आरोप है कि इस कार्य के लिए आठ लाख रुपये की मांग की गई और बाद में आरोपियों ने अलग-अलग समय पर बीकानेर आकर तथा ऑनलाइन और नकद माध्यम से उससे करीब छह लाख रुपये ले लिए।परिवादी का आरोप है कि आरोपियों ने पुलिस सत्यापन सहित अन्य औपचारिकताएं करवाईं और ऑफर लेटर दिखाया, लेकिन न तो वीजा मिला और न ही माल्टा भेजा गया। जब मार्च 2026 में उसने अपने रुपये वापस मांगे तो आरोपियों ने कथित रूप से पैसे लौटाने से इनकार कर दिया।मनोज कुमार ने बताया कि पहले उसने पुलिस थाना जेएनवीसी और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में भी शिकायत दी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश पर जेएनवीसी थाना पुलिस ने गोगराज, अजयपाल सिंह और मुकेश जांगू के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई पांचाराम को सौंपी गई !






















