बीकानेर। श्रीकोलायत क्षेत्र की सोनाराम की ढाणी में अचानक आग लगने से एक कच्चा मकान पूरी तरह जलकर राख हो गया। आग इतनी तेजी से फैली कि परिवार के लोगों को सामान बाहर निकालने का मौका तक नहीं मिला। अग्निकांड में घर के अंदर रखी करीब 1.53 लाख रुपये की नकदी, सोने की अंगूठी, सोने का ओम, दो मादलिया, एक कंदोरा तथा चांदी की दो पायल सहित अन्य कीमती आभूषण जलकर नष्ट हो गए। इसके अलावा घर में रखा लगभग एक क्विंटल अनाज और दैनिक उपयोग का पूरा घरेलू सामान भी आग की भेंट चढ़ गया। घटना के बाद परिवार सदमे में है। आग लगने के कारणों का तत्काल पता नहीं चल पाया है। पीडि़त परिवार ने प्रशासन से आर्थिक सहायता और नुकसान का सर्वे कर उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।






















