बीकानेर। चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते ही जा रहे है। अब एक कांस्टेबल के घर चोरी का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार नापासर कस्बे में सोमवार देर रात चोरों ने राजस्थान पुलिस में कार्यरत एक कांस्टेबल के पुश्तैनी घर को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर में परिवार के सदस्यों की मौजूदगी के बावजूद बेखौफ होकर घुसे और लाखों रुपए के सोने-चांदी के आभूषण सहित 3.20 लाख की नकदी लेकर फरार हो गए। वारदात के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। परिवादी श्रीकिशन गोदारा ने नापासर थाने में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वह राजस्थान पुलिस में कांस्टेबल हैं और वर्तमान में बीकानेर स्थित आईजी कार्यालय में पदस्थापित हैं। घटना के समय वह किसी काम से श्रीडूंगरगढ़ गए हुए थे। घर में उनकी मां, बड़ा भाई, भाभी और बच्चे मौजूद थे।
रिपोर्ट के अनुसार, रात को परिवार के सभी सदस्य भोजन करने के बाद सो गए। भाई-भाभी और बच्चे छत पर सो रहे थे, जबकि मां नीचे कमरे में थीं। मंगलवार सुबह करीब चार बजे मां ने कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर आवाज लगाई। परिजनों ने देखा कि कमरे की कुंडी बाहर से लगी हुई थी। पास वाले कमरे में रखी दो बड़ी और एक छोटी संदूक गायब थीं, वहीं अलमारी खुली पड़ी थी और सामान बिखरा हुआ था। परिजनों ने आसपास तलाश की तो घर के पीछे खाली बाड़े में दो संदूक खुली हुई मिलीं, जबकि एक छोटी संदूक घर के सामने खाली बाड़े में पड़ी थी। चोर संदूकों में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ले गए।























