बीकानेर। जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बीकानेर पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीन अलग-अलग मामलों में 194.06 ग्राम एमडीएमए/एमडी (मिफेड्रोन), ₹66,835 की नकदी, एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा तथा नशीले पदार्थ के परिवहन में प्रयुक्त लोडिंग टेंपो जब्त किया है। सभी मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
सदर थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई
सदर थाना पुलिस ने पीबीएम अस्पताल के पास दबिश देकर 105.34 ग्राम एमडीएमए, इसकी बिक्री के ₹66,835, एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा तथा परिवहन में प्रयुक्त लोडिंग टेंपो जब्त किया। इस मामले में ताराचंद पुत्र रूपचंद निवासी भीनासर और इस्लामुद्दीन उर्फ असलम पुत्र उस्मान निवासी नागौर को गिरफ्तार किया गया है।
जेएनवीसी थाना: 27 ग्राम एमडी के साथ युवक गिरफ्तार
जेएनवीसी थाना पुलिस ने घड़सीसर पुलिया रोड पर कार्रवाई करते हुए 27 ग्राम एमडी (MD) बरामद कर राधेश्याम देदड़ पुत्र बजरंगलाल निवासी हापासर को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
डी-मार्ट के पास दो और तस्कर गिरफ्तार
जेएनवीसी थाना पुलिस ने एक अन्य कार्रवाई में डी-मार्ट के पास से 61.72 ग्राम एमडी (मिफेड्रोन) बरामद कर प्रेम कुमार विश्नोई निवासी गंगापुर तथा अशोक विश्नोई निवासी रानी बाजार को गिरफ्तार किया। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
बीकानेर पुलिस की लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से स्पष्ट है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए अभियान लगातार जारी है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि नशीले पदार्थ की सप्लाई कहां से हो रही थी और इसके नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं।






















