बीकानेर। राजस्थान में झमाझम बारिश का दौर जारी है। शनिवार (25 जुलाई) को मौसम विभाग ने पूरे राजस्थान में बारिश का ऑरेंज-यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, शुक्रवार को सिरोही, जोधपुर, बाड़मेर, पाली और जालोर के क्षेत्रों में तेज बारिश हुई। सिरोही के माउंट आबू में करीब 8 इंच (195 मिलीमीटर) पानी बरसा। जोधपुर में मूसलाधार बारिश से सड़कों पर घुटनों तक पानी बहने लगा। राज्य में 27 जुलाई तक मानसून सक्रिय (एक्टिव) रहने की संभावना है, जबकि 28 जुलाई से एक बार फिर मानसून का दौर थोड़ा कमजोर पड़ सकता है। इस साल मानसून की लेट एंट्री और बीच में लंबे ब्रेक के कारण 12 जिलों में सूखे के हालात हैं। केवल 5 जिले ऐसे हैं, जहां औसत से अधिक पानी बरसा है।
मौसम केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि उदयपुर और जोधपुर संभाग के कुछ भागों में अगले 2 दिन मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा। कहीं-कहीं भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं, बीकानेर, अजमेर, कोटा, जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ हिस्सों में भी मध्यम से तेज बारिश हो सकती है। पर्यटकोंके घूमने-फ़िरने की जगहें
12 जिलों में सूखे के हालात: इस साल मानसून की एंट्री ही कमजोर रही। दो हफ्ते सुस्त रहने के बाद मानसून सक्रिय हुआ, लेकिन प्रदेश के सिर्फ ब्यावर, बीकानेर, डीडवाना-कुचामन, फलोदी, सलूम्बर जिलों में ही औसत से अधिक बरसात हुई है। वहीं, बांसवाड़ा, दौसा, डूंगरपुर, हनुमानगढ़, जैसलमेर, जालौर, करौली, खैरथल-तिजारा, पाली, सवाई माधोपुर, सिरोही, उदयपुर सूखे के हालात हैं, जबकि 27 जिलों में औसत से कम बारिश हुई है।






















