बीकानेर। शहर के जेएनवीसी थाना क्षेत्र स्थित विराट नगर के एक यूथ हॉस्टल से दो नाबालिग छात्रों के लापता होने का मामला सामने आया है। दोनों बच्चों के अचानक गायब होने से परिजनों और हॉस्टल प्रबंधन में चिंता का माहौल है। पुलिस के अनुसार, हॉस्टल संचालक बजरंग लाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 19 जुलाई की रात लक्ष्मण सिद्ध (12 वर्ष) और क्रियांशु नामक दो छात्र हॉस्टल की दीवार फांदकर बाहर चले गए। इसके बाद दोनों का कोई पता नहीं चल सका।
हॉस्टल प्रबंधन और परिजनों ने अपने स्तर पर रिश्तेदारों और परिचितों के यहां काफी तलाश की, लेकिन दोनों बच्चों का अब तक कोई सुराग नहीं मिला। मामले की सूचना मिलने पर जेएनवीसी थाना पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और दोनों छात्रों की तलाश के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को दोनों बच्चों के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल निकटतम पुलिस थाने या जेएनवीसी थाना पुलिस को सूचित करें।






















