बीकानेर। जिले के लूणकरणसर क्षेत्र में देर रात करीब 2 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे आठ माह के शिशु माधव की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में कुल 16 यात्री घायल हुए। घायलों में से 14 की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें देर रात ही बीकानेर के अस्पताल रेफर किया गया, जबकि अन्य दो का स्थानीय स्तर पर उपचार किया गया।
मृतक शिशु की पहचान श्रीगंगानगर निवासी माधव पुत्र महेश शर्मा के रूप में हुई है। वह अपनी मां रिशिका और छह वर्षीय बहन दिवांशी के साथ श्रीगंगानगर जा रहा था। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।






















