बीकानेर। शहर के जेएनवीसी थाना इलाके में चोरों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए घर के अंदर खड़ी दो स्कूटियां चोरी कर लीं। हैरानी की बात यह है कि दोनों स्कूटियां मकान के पोर्च में खड़ी थीं और मुख्य गेट भी बंद था। सुबह जब परिवार के लोग उठे तो दोनों स्कूटियां गायब मिलीं। पुलिस के अनुसार पटेल नगर निवासी सत्यपाल गोदारा पुत्र धननाराम, उम्र 46 वर्ष ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह परिवार सहित अपने मकान बी-10/3, पटेल नगर में रहते हैं। 13 जुलाई की रात रोजाना की तरह दोनों स्कूटियां मकान के पोर्च में खड़ी कर मुख्य गेट बंद कर दिया गया था।
परिवादी ने बताया कि 14 जुलाई की सुबह उठकर जब उन्होंने घर के बाहर देखा तो पोर्च में खड़ी दोनों स्कूटियां गायब थीं। चोरी हुई पहली स्कूटी होंडा 6G प्रीमियम है, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर RJ07 MS 9099 है। दूसरी स्कूटी भी होंडा कंपनी की है, जिसका नंबर RJ23 SZ 2822 है। पीड़ित के अनुसार दोनों वाहन घर के अंदर सुरक्षित खड़े थे, इसके बावजूद अज्ञात चोर उन्हें चोरी कर ले गए। घटना रात करीब 3:45 बजे के आसपास होने की आशंका जताई गई है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौका-मुआयना किया और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि चोरों का सुराग लगाया जा सके। फिलहाल मामले की जांच उपनिरीक्षक सुरेंद्र मीणा कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।



















