बीकानेर।शहर में चोरी की वारदातों का ग्राफ बढ़ता ही जा रहा है।पिछले एक सप्ताह में शहर के अलग अलग थाना इलाकों में चोरी की आधा दर्जन से ज्यादा वारदातें हो चुकी है।जिसके चलते अब लोग पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने लगे है।हालात यह है कि चोरी की वारदातें सीसीटीवी कैमरे में कैद होने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली है।ताजा वारदात सोनगिरी कुंआ इलाके में हुई है।जहां भुजिया की दुकान में चोरों ने सामान व नकदी चुरा ली है।जानकारी मिली है देर रात दो शातिर चोर हनुमान जी भुजिया वाले की दुकान के बाहर पहुंचे और कुछ ही मिनटों में ताले तोडक़र अंदर घुस गए।इसके बाद बदमाशों ने दुकान में रखी नकदी और अन्य सामान समेट लिया फरार हो गए। पूरी वारदात को इतनी तेजी से अंजाम दिया कि आसपास किसी को भनक तक नहीं लगी।सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि चोरों की पूरी करतूत दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई।फुटेज में दोनों बदमाश बेखौफ अंदाज में चोरी करते नजर आ रहे हैं।ऐसा प्रतीत होता है मानो उन्हें कानून का कोई डर ही नहीं हो।सुबह जब दुकान मालिक मौके पर पहुंचा तो टूटे ताले और बिखरा सामान देखकर उसके होश उड़ गए।घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के व्यापारियों में भी रोष फैल गया।फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश में जुटी हुई है।



















