बीकानेर राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (आरएसएमएसएसबी) की ओर से रविवार को लिपिक ग्रेड-द्वितीय/कनिष्ठ सहायक संयुक्त भर्ती परीक्षा-2026 आयोजित की जाएगी। जिले में परीक्षा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बीकानेर में पंजीकृत 21,768 अभ्यर्थियों के लिए 66 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां परीक्षा दो पारियों में संपन्न होगी। पहली पारी सुबह 9.30 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक तथा दूसरी पारी दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित होगी। दोनों पारियों के लिए अलग-अलग सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था की गई है। परीक्षा के निष्पक्ष और शांतिपूर्ण संचालन के लिए जिला प्रशासन ने 11 उड़न दस्तों का गठन किया है। इसके अलावा सभी परीक्षा केंद्रों पर समन्वय बनाए रखने के लिए 66 उप-समन्वयक नियुक्त किए गए हैं। प्रशासन की ओर से संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से दो घंटे पहले अपने परीक्षा केंद्र पर पहुंचना होगा, ताकि पहचान सत्यापन और सुरक्षा जांच की प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके। परीक्षा शुरू होने से एक घंटा पहले सभी केंद्रों के प्रवेश द्वार बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।



















