बीकानेर जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन नीलकंठ के तहत श्रीडूंगरगढ़ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक किलो अफीम बरामद की है। पुलिस ने अफीम को जब्त कर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार सीओ निकेत पारीक और थानाधिकारी कश्यप सिंह के निर्देशन में क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। शुक्रवार को पुलिस टीम ने नेशनल हाईवे-11 पर बीकानेर रोड बस स्टॉप के पास एक लावारिस बैग की जांच की।
बैग की तलाशी लेने पर उसमें एक किलो अफीम बरामद हुई। पुलिस ने मादक पदार्थ को जब्त कर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बैग किसका था और अफीम कहां से लाई गई थी।
यह कार्रवाई सब इंस्पेक्टर राजेंद्र प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने की। टीम में सब इंस्पेक्टर राजेंद्र कुमार, कांस्टेबल अनिल कुमार, पुनीत कुमार, डीआर रामनिवास शामिल रहे।
श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर रोक लगाने के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी है। पुलिस संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए आगे भी कार्रवाई कर रही है।























