घड़साना। पुलिस को एक व्यक्ति ने 70 हजार रुपए की लूट की झूठी सूचना देकर हड़कंप मचा दिया। व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि तीन अज्ञात बदमाशों ने हथियार दिखाकर उससे 70 हजार रुपए, मोबाइल फोन और एटीएम कार्ड लूट लिया। सूचना मिलते ही पुलिस ने नाकाबंदी करवाई और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की। जांच के दौरान शिकायतकर्ता के बैंक स्टेटमेंट की पड़ताल की गई। इसमें सामने आया कि कथित लूट वाले दिन उसके बैंक खाते में 70 हजार रुपए की राशि मौजूद ही नहीं थी।
इसके बाद पुलिस ने शिकायतकर्ता से पूछताछ की तो पूरे मामले का खुलासा हो गया। पूछताछ में सामने आया कि उसने पिछले करीब पांच दिनों में ऑनलाइन गेम खेलते हुए अपनी सारी रकम खर्च कर दी थी। पुलिस के अनुसार, ऑनलाइन गेम में रकम गंवाने के बाद शिकायतकर्ता ने अपने परिवार को गुमराह करने के लिए लूट की झूठी कहानी गढ़ी थी। इसके बाद उसने पुलिस को तीन बदमाशों द्वारा हथियार दिखाकर लूट करने की सूचना दी। बैंक रिकॉर्ड और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने कथित लूट की सूचना को झूठा पाया।























