जयपुर एयरपोर्ट की होगी देश के बड़े शहरों से सीधी कनेक्टिविटी, 1 जुलाई से यात्रियों को मिलेगी 5 नई उड़ानों की सौगात
Jaipur International Airport: जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है। 1 जुलाई 2025 से जयपुर एयरपोर्ट का नया फ्लाइट टाइम टेबल लागू किया जा रहा है। इसके तहत अब यात्रियों को 5 नई फ्लाइट्स और बेहतर टाइमिंग की सुविधा मिलने जा रही है।
पिछले तीन महीने से जयपुर एयरपोर्ट पर रनवे के मेंटेनेंस के चलते दोपहर 9:30 बजे से शाम 6 बजे के बीच सिर्फ दो फ्लाइटें ही उड़ान भर पा रही थीं। इस वजह से यात्रियों को सीमित विकल्प मिल रहे थे। लेकिन अब 1 जुलाई से नोटम (NOTAM) अवधि में भी बदलाव किया गया है, जिससे उड़ानों की संख्या और टाइमिंग बेहतर हो जाएगी।
यह रहेगा नया नोटम शेड्यूल
1 जुलाई से जयपुर एयरपोर्ट पर NOTAM दोपहर 2:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक रहेगी। सुबह 9:30 से दोपहर 2:30 तक नियमित रूप से फ्लाइटें संचालित होंगी।शाम 4:30 के बाद देर रात तक भी उड़ानें सामान्य रहेंगी। इस बदलाव से एयरपोर्ट पर कुल फ्लाइटों की संख्या बढ़कर 59 हो जाएगी, जिनमें 46 घरेलू और 8 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शामिल होंगी।
ये 5 नई उड़ानें होंगी शुरू
इंडिगो एयरलाइंस जयपुर से मुंबई के लिए दोपहर 12:55 बजे फ्लाइट संख्या 6E-2719।
एयर इंडिया जयपुर से मुंबई के लिए दोपहर 1:35 बजे फ्लाइट AI-612।
एयर इंडिया एक्सप्रेस जयपुर से कोलकाता के लिए सुबह 9:50 बजे फ्लाइट IX-1956।
जयपुर से पुणे के लिए दोपहर 12:35 बजे फ्लाइट IX-2712।
इंडिगो एयरलाइंस जयपुर से सूरत के लिए दोपहर 2:25 बजे फ्लाइट 6E-715।
उड़ानों में होगी बढ़ोतरी
आपको बता दें मुंबई के लिए अभी 7 फ्लाइटें हैं, 1 जुलाई से इनकी संख्या बढ़कर 9 हो जाएगी। दिल्ली और बेंगलुरु के लिए रोजाना 5-5 फ्लाइटें रहेंगी। हैदराबाद के लिए रोज 4 फ्लाइटें रहेंगी। कोलकाता के लिए अभी 3 उड़ानें हैं, अब 4 हो जाएंगी।
पुणे के लिए अभी 2 उड़ानें हैं, 1 जुलाई से 3 फ्लाइटें होंगी। अहमदाबाद और चंडीगढ़ के लिए 3-3 फ्लाइटें चलेंगी। इंदौर के लिए रोज 2 फ्लाइटें संचालित होंगी।इसके अलावा देहरादून, लखनऊ, उदयपुर, गोवा, कुल्लू, गाजियाबाद, बेलगाम बीकानेर, वाराणसी, भुवनेश्वर, गुवाहाटी, चेन्नई और सूरत के लिए भी एक-एक फ्लाइट उपलब्ध रहेगी।