बीकानेर में बढ़ी ठिठुरन, 13 डिग्री पहुंचा बीकानेर का तापमान
लूणकरणसर में 9.1 डिग्री पहुंचा पारा
Bikaner News: रेगिस्तानी इलाकों में अब सर्दी का मौसम दस्तक दे चुका है। बीकानेर में न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच गया है, जबकि ग्रामीण इलाकों में शहर से भी ज़्यादा ठंड पड़ रही है। लूणकरणसर में पिछले 24 घंटों में 9.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ेगी और पारा लगातार गिरेगा।
बीकानेर के आसपास के जिलों में भी ठंड तेज़ी से बढ़ रही है। नागौर राज्य का सबसे ठंडा ज़िला रहा, जहाँ न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चूरू में 9.5 डिग्री सेल्सियस, जबकि नोखा और श्रीडूंगरगढ़ में तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, नवंबर के अंत तक तापमान में और गिरावट आएगी। सुबह-शाम सर्द हवाएँ लोगों को कंपकपा रही हैं। स्कूल जाने वाले बच्चे अब स्वेटर और ब्लेज़र पहनने लगे हैं, जबकि रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों पर उतरने वाले यात्रियों को भी गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है। Bikaner News
दोपहर के समय हल्की गर्मी बनी रहती है और तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुँच जाता है। लोगों ने अब अपने एयर कंडीशनर बंद कर दिए हैं, हालाँकि कुछ इलाकों में दोपहर के समय अभी भी पंखे की ज़रूरत पड़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार, नवंबर के तीसरे और चौथे हफ़्ते में अधिकतम तापमान 20 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे जाने की संभावना है। इस दौरान बीकानेर में कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना है। Bikaner News